‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर का कोरोना से निधन, मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज

इस खबर को शेयर करें

मेरठ। इंटरनेशनल शूटर दादी चंद्रो तोमर का निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थीं और उनको 26 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उनकी स्थिति बिगड़ने पर उनको आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। उत्तर प्रदेश के बागपत की रहने वाली शूटर दादी की उम्र 89 साल थी। उन्होंने मेरठ के आनंद अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली। चंद्रो तोमर ने 60 साल की उम्र में निशानेबाजी में अपने करियर की शुरुआत की थी और कई प्रतियोगिताएं में अपना दमखम दिखाया।

चंद्रो तोमर के निधन पर उनकी (बहन) देवरानी दादी प्रकाशी तोमर ने अपने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरा साथ छूट गया, चंद्रो कहां चली गई।’ चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर के ऊपर बनाई गई फिल्म ‘सांड की आंख’ में उनका किरदार निभाने वाली बॉलीवुड एक्टर तापसी पन्नू ने ट्विटर पर लिखा, ‘प्रेरणा के लिए आप हमेशा रहेंगी। आप उन लड़कियों में हमेशा जिंदा रहेंगी, जिनको आपने जीने की उम्मीद दी। मेरी प्यार रॉकस्टार भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’ वहीं, भूमि पेडनेकर ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘चंद्रो दादी के निधन की खबर सुनकर टूट गई हूं। ऐसा लग रहा है कि मेरा एक हिस्सा चला गया है। उन्होंने अपने खुद नियम बनाए और कई लड़कियों को उनको सपनों के रास्ते। उनके काम हमेशा जिंदा रहेंगे। परिवार को सांत्वना। मैं खुशनसीब हूं कि मुझे उन्हें जानने और चंद्रो तोमर बनने का मौका मिला था।’ तापसी और भूमि के अलावा कंगना रनौत ने भी एक सोशल मीडिया यूजर के ट्वीट को रिट्वीट किया है।

अक्षय कुमार ने अपने ट्विटर पर लिखा, ‘ मैं शूटर दादी से कभी मिला नहीं, लेकिन उनकी गर्मी को उनके ट्वीट्स में फील किया जब भी हम दोनों के बीच बातचीत हुई। उनके निधन पर काफी दुखी हूं। मेरी सहानुभूति उनके परिवार के साथ है।’दादी चंद्रो ने उस उम्र में निशानेबाजी जैसे खेल को अपनाया, जब वह 60 साल की थी। इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं जीती। विश्व में उनको सबसे उम्रदराज निशानेबाज माना जाता है। शूटर दादी पर हाल ही में एक फिल्म बनाई गई थी “सांड की आंख”। दादी ने वरिष्ठ नागरिक वर्ग में भी कई पुरस्कार हासिल किए थे। इनमें एक स्त्री शक्ति सम्मान को स्वयं राष्ट्रपति ने भेंट किया था।